पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा को बड़ी जीत हासिल हुई है। जीत के बाद बीजेपी में जश्न का माहौल है। इसी जश्न में शामिल होने पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जबरदस्त स्वागत हुआ।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आपने कमाल कर दिया, कमल खिला दिया, नया इतिहास रच दिया। आज का दिन ऐतिहासिक है, अभूतपू्र्व है, जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है तो चेहरे पर जो खुशी होती है, उसे आज देशभर के भाजपा के कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि जब पिछले साल नवंबर में बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने कहा था कि गंगा जी बिहार से आगे बढ़ते हुए गंगा सागर तक जाती हैं और आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगा सागर तक, कमल ही कमल खिला हुआ है।
पीएम मोदी ने कहा, ”आज भारत का लोकतंत्र सिर्फ नहीं जीता, बल्कि संविधान की भी जीत हुई है। हमारी संवैधानिक संस्थाएं जीती हैं, लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। मैं आज चुनाव आयोग को, सभी कर्मचारियों, मतदान से जुड़े कर्मियों को, सुरक्षाबलों का अभिनंदन करता हूं।”
पीएम मोदी ने कहा की बंगाल आज से भय मुक्त हो गया है। यह जीत जनता की शक्ति की जीत है। साथ ही उन्होंने कहा कि पहली बार डर नहीं लोकतंत्र जीता है।
पीएम ने कहा कि जनता ने जो भरोसा बीजेपी पर जताया है हम उस पर पूरा उतरने की कोशिश करेंगे आज से बंगाल में बदला नहीं बदलाव की बात होगी।
मोदी ने कहा कि यह जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि इसकी टाइमिंग बहुत कुछ कह रही है। जब पूरी दुनिया जंग में उलझी है, तब भारत ने उसका मुकाबला काफी मजबूती से किया है। चुनाव परिणाम ने इसे साबित भी कर दिया है।
महिलाओं को लेकर भी पीएम मोदी ने अपने भाषण में बड़ा संदेश दिया। मोदी ने कहा कि जिन लोगों ने महिला आरक्षण रोकने की कोशिश की थी, उन्हें वहां की माताओं और बहनों ने सबक सिखा दिया है। डीएमके, टीएमसी और कांग्रेस को महिलाओं की वजह से चुनाव में करारी हार मिली है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह डीएमके, टीएमसी और कांग्रेस को मात मिली है, उसी तरह आने वाले समय में समाजवादी पार्टी को भी माताएं-बहनें सबक सिखाएंगी। समाजवादी पार्टी ने भी आरक्षण में बाधा डालने का प्रयास किया था।









