यूपी: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज बीजेपी की विधायक अनुपमा जायसवाल से मिलने लिए हॉस्पिटल पहुंचे। मंगलवार को अखिलेश यादव ने मेदांता अस्पताल में पहुंचकर अनुपमा जायसवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।
बहराईच जिले में हाल ही में भाजपा द्वारा नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंका गया था। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान एक हादसा हो गया। जब भाजपा की विधायक अनुपमा जायसवाल अखिलेश यादव के पुतले में आग लगा रही थीं, उसी दौरान वह आग की चपेट में आ गईं और उनका चेहरा बुरी तरह झुलस गया था, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया था।
अखिलेश ने बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए सोशल मीडिया X पर लिखा-
“हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक श्रीमती अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!”









