पटना: आज से बिहार की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में आ गई है। सम्राट चौधरी नये मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मुख्य सचिवालय पहुंचे जहां मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री कार्यालय में उनका स्वागत किया। मुख्य सचिवालय स्थित सभागार में मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुये कहा कि आप सभी का स्वागत करते हैं। आप सभी पूरी निष्ठा और लगन से काम करते रहे हैं। आप लोगों के साथ मुझे पहले से ही काम करने का अनुभव है। राज्य सकार के मंत्री के रूप कई विभागों में काम करने के दौरान मेरा आप सभी से सम्पर्क रहा है। वित्त मंत्री के रूप में राज्य की वित्तीय व्यवस्था को भी नजदीक से समझने का मौका मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जो भी काम हो रहे हैं, उसका संचालन अच्छे ढंग से हो रहा है। आप सभी काम की गति को और तीव्र करें। दोगुनी गति से काम होने पर समस्याओं का समाधान तेजी से होगा। राज्य में भ्रष्टाचार खत्म करने को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम करना है। ऊपर से नीचे तक किसी भी कीमत पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने जो योजनायें बनायी हैं, उसपर काम किया जा रहा है लेकिन उसका ससमय निष्पादन करना महत्वपूर्ण है। कार्यों को लटकाने की प्रवृत्ति मुख्यालय स्तर से लेकर नीचे तक कहीं भी नहीं होनी चाहिये। सिर्फ फाइल बढ़ाने और पत्र लिखने की प्रवृत्ति नहीं होनी चाहिये। काम लोगों को दिखना चाहिए।
किसी भी विभाग में जनता से जुड़ी कोई समस्या आती है तो उसपर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। भूमि विवाद से संबंधित समस्याओं के समाधान को लेकर किसी प्रकार की जटिलता नहीं होनी चाहिये, कार्यों को सरल बनाते हुये उनका जल्द निपटारा करें। जनता परेशान न हो, खुशहाल रहे, इसको ध्यान में रखते हुये काम करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमलोगों ने काम किया है। नीतीश कुमार जी ने जो काम किया है, उससे बिहार का बहुत विकास हुआ है और सभी लोग उससे अवगत हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में सिर्फ मोदी और नीतीश मॉडल ही चलेगा।









