पश्चिम बंगाल: विधानसभा चुनाव नज़दीक हैं ऐसे में सभी पार्टियों के नेता चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के ओंदा में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, तो टीएमसी के ‘सिंडिकेट राज’ का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।उन्होंने राज्य में महिलाओं पर अत्याचार करने वाले अपराधियों को हर हाल में सजा दिलाने की बात भी कही।
घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए अमित शाह ने साफ शब्दों में कहा, “भारत कोई ‘धर्मशाला’ नहीं है, और देश की सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले घुसपैठियों को यहां से बाहर निकाल फेंका जाएग।
अमित शाह ने मंच से टीएमसी के संरक्षण में रहने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों को सीधी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा, “मैं तृणमूल के पाले हुए गुंडों को एक सीधा और साफ संदेश दे रहा हूं, वे चुनाव के दिन अपने घरों से बाहर न निकलें। आम जनता को परेशान करने की भूल बिल्कुल न करें, वर्ना चुनाव के बाद आपका क्या अंजाम होगा, आप इसकी कल्पना भी नहीं कर सकते।
तृणमूल को सख्त चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “पिछले चुनावों के बाद से हमारे 300 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई थी। ममता के संरक्षण में इन हत्याओं को अंजाम देने वाले सभी लोगों और महिलाओं व बच्चियों के खिलाफ अपराध या अन्याय करने वालों को जेल जाना होगा।
उन्होंने आगे कहा- तृणमूल के गुंडों को लगता है कि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा लेकिन मैं आपसे कहता हूं कि एक बार हमारी सरकार बनने दीजिए, हम उनमें से एक-एक से हिसाब चुकता करेंगे। ये गुंडे अभी ममता के संरक्षण में खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, लेकिन जैसे ही भाजपा सत्ता में आएगी, हम उन्हें चुन-चुन कर बाहर निकालेंगे।










