उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। खुद को संयत करने की कोशिश में सीएम योगी रूमाल से अपनी आंखे पोंछते नजर आए। शनिवार को पूरे विधि–विधान से हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अपने पैतृक गांव पंचूर में उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान उन्होंने मां की तस्वीर पर फूलों की माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि भी दी। मां को अंतिम विदाई देते समय योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उनके निधन से पंचूर और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।
सावित्री देवी के निधन के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संक्षिप्त संदेश लिखकर अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं। उन्होंने लिखा, ‘मां… ॐ शांति।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उनकी मां के निधन पर दुख जताया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सीएम योगी की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सावित्री देवी के निधन पर दुख जताया।








