जयपुर : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सीएम योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला बोला है। अखिलेश ने योगी को नकली संत करार देते हुए कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पीडीए भाजपा का शुद्धिकरण कर देगा। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में एक नकली संत है, जो दूसरों से सर्टिफिकेट मांग रहे थे. उनके पास अपना ही सर्टिफिकेट नहीं है।
उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ दावा करते हैं कि वो सुबह 3:30 बजे उठते हैं, लेकिन जब उन्हें योगा करने का मौका मिला तो वो डगमगाने लगे। अभी कुछ दिन पहले ही सीएम योगी जापान गए थे। जैसे ही वहां की बुलेट ट्रेन 500 किलोमीटर की रफ्तार से ऊपर हुई तो वो ताली बजाने लगे। कभी उन्हें क्रिकेट खेलते हुए देखना, तीन टप्पे खाने के बाद भी बल्ला हवा में घूमाते रहते हैं, कभी उन्हें बास्केटबॉल खेलते हुए देखोगे तो पाओगे कि वो बुलडोजर पर चढ़कर आएंगे और अपनी बॉल को बास्केट में डाल देंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने वोट कटवाने का जो तरीका अपनाया है, जनता अब उनका ही शुद्धिकरण कर देगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि जिस समय SIR चल रहा था तो बड़े पैमाने पर फॉर्म भरवाकर समाजवादी पार्टी के लोगों के वोट कटवा दिए गए। उस समय तमाम पार्टी के कार्यकर्ताओं और पीडीए के लोगों ने इस पर पैनी नजर रखी थी। भाजपा ने एक अनपढ़ व्यक्ति नंदलाल निषाद के हस्ताक्षर से समाजवादी पार्टी के वोट कटवा दिए। जब इस गड़बड़झाले को पकड़ा और इसे चुनाव आयोग के सामने रखा तो चुनाव आयोग ने अभी तक किसी भी अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं की है।










