गांधीनगर : गुजरात सरकार ने मंगलवार को विधानसभा में गुजरात समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक, 2026 पेश किया, जिसमें धर्म से परे हटकर विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और सह-जीवन संबंध को विनियमित करने के लिए एक समान कानूनी ढांचे का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र Only ने यह विधेयक विधानसभा में पेश किया।
अगर यह बिल विधानसभा में पास हो जाता है तो उत्तराखंड के बाद यूसीसी लागू करने वाला गुजरात देश का दूसरा राज्य बन जाएगा। उत्तराखंड ने फरवरी 2024 में यूसीसी विधेयक पारित किया था।
‘गुजरात समान नागरिक संहिता, 2026’ नामक यह प्रस्तावित कानून पूरे राज्य में लागू होगा और गुजरात की सीमा से बाहर रहने वाले राज्य के निवासियों पर भी प्रभावी होगा। लेकिन यह प्रस्तावित कानून अनुसूचित जनजातियों और कुछ ऐसे समूहों पर लागू नहीं होगा, जिनके पारंपरिक अधिकार संविधान के तहत संरक्षित हैं. विधेयक के ‘उद्देश्य और कारण’ के अनुसार, इसका लक्ष्य समान कानूनी ढांचा तैयार करना है।
विधेयक में द्विविवाह पर भी रोक लगाई गई है। इसमें कहा गया है कि किसी विवाह को संहिता के तहत तभी वैध माना जाएगा, जब विवाह के समय किसी भी पक्ष का जीवनसाथी जीवित न हो।
बिल पेश होने से पहले राज्य के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि गुजरात की सभी बहनों, बेटियों और माताओं के लिए एक समान कानूनी व्यवस्था बनाने की दिशा में राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा सदन में यूसीसी बिल पेश किया जाने वाला है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
हर्ष संघवी ने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता किसी एक धर्म को ध्यान में रखकर नहीं लाया जा रहा है बल्कि यह पूरे समाज में समानता और न्याय सुनिश्चित करने का एक कानूनी माध्यम है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता बिल लाने वाला गुजरात देश का दूसरा राज्य बन जाएगा जो राज्य के लिए गर्व की बात है।










