देहरादून: सीएम पुष्कर धामी ने देहरादून के गांधी पार्क में स्थित शहीद स्मारक पर कारगिल विजय दिवस पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कारगिल शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। वहीं, सीएम धामी ने परमवीर चक्र से सम्मानित वीरों के लिए अनुग्रह राशि डेढ़ करोड़ रुपए से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपए करने का ऐलान भी किया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है।18 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर अत्यंत विषम परिस्थितियों में भारत के सैनिकों ने अद्वितीय वीरता, अटूट मनोबल और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देकर दुश्मन को परास्त किया। दुनिया के सामने भारत की सैन्य शक्ति परिचय लहराया।
सीएम धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के 527 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड के 75 वीर सपूत भी शामिल थे। उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत की सुरक्षा नीति ज्यादा सशक्त, निर्णायक और आत्मविश्वास से भरी हुई है।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार भी वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। राज्य सरकार ने शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख कर दी है। इसके साथ ही सभी वीरता पुरस्कार विजेताओं को दी जाने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक सहायता राशि में भी इजाफा किया गया है।









