पटना: राज्यसभा चुनाव की सरगरमियाँ ज़ोरो पर हैं। बिहार में 5 सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर तेजी से समीकरण बदल रहे हैं। 5वीं सीट पर जीत के लिए एनडीए और महागठबंधन ‘जादुई आंकड़े’ को जुटाने में लगे हैं. इसी बीच RJD के लिए बड़ी राहत की बात है कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने उनके प्रत्याशी एडी सिंह को समर्थन करने का फैसला किया है।
दरअसल, सोमवार को होने वाले राज्यसभा चुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने अपने आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था. जिसमें नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी शरीक हुए।दोनों नेताओं के बीच समर्थन को लेकर काफी देर बातचीत चली और उसके बाद ओवैसी की पार्टी ने आरजेडी कैंडिडेट को सपोर्ट करने का ऐलान कर दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने उनको इफ्तार पार्टी के लिए निमंत्रण दिया था, उसी में शामिल होने आए हैं। वहीं राज्यसभा चुनाव में समर्थन के सवाल पर कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि बीजेपी को हराने के लिए हमारे कैंडिडेट एडी सिंह को जरूर एआईएमआईएम के सभी पांचों विधायक समर्थन करेंगे।










