कोलकाता : टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच शनिवार को सेंट्रल कोलकाता के गिरीश पार्क के पास झड़प हो गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी व एक भाजपा नेता घायल हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले यह झड़प हुई। भाजपा समर्थकों ने आरोप लगाया कि जब वे प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाते हुए रैली की जगह की ओर बढ़ रहे थे, तो कुछ इलाकों से उन पर अचानक पत्थर फेंके गए।
चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों पार्टियों के समर्थकों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और नारे लगाए।
वहीं भाजपा ने आरोप लगाया कि झड़प के दौरान कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुईं। हालांकि, स्थानीय टीएमसी कार्यकर्ताओं ने आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि भाजपा समर्थकों ने ही पहले गालियां दीं और उन पर पत्थर फेंकना शुरू किया।










