एलपीजी सिलेंडर के लिए मारामारी, देशभर में जमाखोरी के खिलाफ एक्शन में सरकार, हजारों सिलेंडर किए बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर मारामारी मची हुई है। एक तरफ जहां सिलेंडर के लिए लोग लाइन में लगे हुए हैं वहीं दूसरी तरफ जमाखोरी के मामले भी सामने आ रहे हैं। जमाखोर भारी मात्रा में सिलेंडर को छिपाकर बैठे हुए हैं। इस बीच सरकार इन जमाखोरों के खिलाफ लगातार एक्शन ले रही है, जिनके पास से हजारों सिलडर बरामद किए जा चुके हैं।

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच अब भारत में एलपीजी का संकट गहराता जा रहा है। हालांकि भारत सरकार बार-बार लोगों से पैनिक बुकिंग से बचने की अपील कर रही है। इसके बावजूद गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लोगों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। लोग अपनी जॉब से छुट्टी लेकर सुबह से लाइन में एक सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं।

देशभर में जमाखोरों के खिलाफ कार्रवाई:

सरकार कालाबाजारी और जमाखोरी को लेकर सख्त है, हर राज्य में पुलिस और प्रशासन एक्शन मोड में है। महंगे दामों पर सिलेंडर बेचने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। आपदा के वक्त अवसर तलाशने वालों पर कार्रवाई हो रही है, एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सरकार की पूरी नजर है। मुंबई से लेकर यूपी तक एलपीजी होर्डिंग करने वालों के खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है।

एमपी के भोपाल में प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। यहां एक बंद पड़ी गैस एजेंसी से पुलिस और प्रशासन ने मिलकर 668 सिलेंडर बरामद किए हैं। यहां तीन ट्रक सिलेंडर मिले हैं, जो क्राइसिस के वक्त बहुत बड़ी कामयाबी है। बिना रजिस्टर में दर्ज किए गए 1574 सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि बंद पड़ी गैस एजेंसी महंगे दामों में लोगों को एलपीजी सिलेंडर बेच रही थी।

यूपी में सीएम योगी के आदेश के बाद एलपीजी संकट के बीच प्रशासन अलर्ट है। मुरादाबाद में जिलापूर्ति अधिकारी ने गैस एजेंसी पर रेड की। एजेंसी के खिलाफ हेराफेरी की शिकायत मिल रहीं थी, जिसके बाद एक्शन लिया गया और गैस गोदाम को प्रशासन ने सील कर दिया। छापेमारी के दौरान गैस बुकिंग और सिलेंडर डिलिवरी में गड़बड़ी मिली। नोएडा में भी लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी कतार लगानी पड़ रही है।

LPG संकट के बीच छत्तीसगढ़ सरकार भी एक्शन मोड में है। राज्य में अलग-अलग जिलों में 102 जगहों पर रेड की गई। इस दौरान 741 सिलेंडर जब्त किए गए। रायपुर में सबसे ज्यादा 392 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। एलपीजी सिलेंडर की होर्डिंग करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की गई है। ऑनलाइन बुकिंग के दौरान सिलेंडर मिल नहीं रहे हैं, जिसके चलते लोग गैस गोदाम के बाहर सुबह से ही कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। लोगों की सिलेंडर वाली परेशानी खत्म होते नजर नहीं आ रही है।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial