पीएम मोदी ने खोला उत्तराखंड के लिए खजाना, हरिद्वार अर्धकुंभ के लिए जारी किया 500 करोड़ का बजट, सीएम धामी ने किया आभार व्यक्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: हरिद्वार में लगने वाले साल 2027 में अर्धकुंभ मेले को लेकर राज्य सरकार पहले से ही तैयारी में जुटी हुई है. इस बार सरकार अर्धकुंभ मेले को महाकुंभ की तर्ज पर आयोजित करने जा रही है. इसी कड़ी में केंद्र सरकार से उत्तराखंड की धामी सरकार ने एक बड़े बजट की मांग की थी. आज केंद्र सरकार ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभमेले के लिए 500 करोड रुपए का बजट जारी कर दिया है.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में प्रस्तावित कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के लिए भारत सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपये की धनराशि जारी किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है.

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है. केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. इससे आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर उत्तराखण्ड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल सिद्ध हुआ है। कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए यह सहयोग राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला 2027 आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

2027 के चुनाव को देखते हुए सरकार भी हरिद्वार अर्ध कुम्भ और नंदा राज यात्रा में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है. इसीलिए बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर हरिद्वार अर्धकुम्भ 2027 के लिए बड़े बजट की मांग की थी, जो आज राज्य सरकार को मिल गया।

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial