नालंदा: बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के दो दिवसीय चिंतन शिविर के दूसरे दिन एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल हुई. केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पीएमजेवीके) के तहत निगरानी ऐप (NIGRANI App) लॉन्च किया. यह ऐप अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में चल रही विकास योजनाओं की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगा.
ऐप लॉन्चिंग समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन, बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान सहित अन्य राज्यों के विभागीय मंत्री मौजूद रहे. रिजिजू ने स्पष्ट किया कि अल्पसंख्यकों के सर्वांगीण विकास के बिना वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को मुख्यधारा में साथ लेकर चलना ही ‘सबका साथ, सबका विकास’ का असली मक़सद है.
रिजिजू ने अल्पसंख्यक कल्याण के प्रति सरकार के विजन को रेखांकित करते हुए कहा कि नीतियां ऐसी बनाई जा रही हैं जिनसे अल्पसंख्यक समुदाय का आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास सुनिश्चित हो. उन्होंने जोर दिया कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के सिद्धांत पर ही देश आगे बढ़ेगा.
“देश के सभी वर्गों, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय को विकास की मुख्यधारा में साथ लेकर चलना ही ‘सबका साथ, सबका विकास’ का वास्तविक अर्थ है. सरकार इसी दिशा में नीतियां बना रही है ताकि अल्पसंख्यकों का सर्वांगीण विकास हो सके.”–किरेन रिजिजू, केंद्रीय मंत्री










