देश में चुनाव प्रक्रिया को और मजबूत बनाने तथा केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग 24 फरवरी 2026 को राज्यों के चुनाव आयुक्तों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे।
यह सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा और इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य निर्वाचन आयुक्त हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन करीब 25 साल बाद हो रहा है, इससे पहले ऐसा आयोजन 1999 में किया गया था।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, कई राज्यों के चुनाव आयुक्तों ने हाल के महीनों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात कर चुनाव प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर साझा चर्चा और बेहतर तालमेल की जरूरत जताई थी। इन्हीं सुझावों के बाद इस राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करने का फैसला लिया गया।
सम्मेलन के दौरान चुनाव कानूनों, मतदाता पात्रता, नामांकन प्रक्रिया, मतदान व्यवस्था और मतदाता सूची के प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। आयोग के अनुसार, राज्यों में स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े नियम अलग अलग हैं, ऐसे में इन विषयों पर साझा समझ विकसित करना जरूरी है ताकि चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बन सके।
चुनाव आयोग ने कहा कि वह भारत के संविधान और देश के कानूनी ढांचे के अनुसार चुनावी रोल तैयार करने और चुनाव कराने के अपने अनुभव से अपनी विशेषज्ञता भी देगा. राज्य चुनाव आयोग संबंधित राज्यों के कानून द्वारा 73वें और 74वें संवैधानिक संशोधनों के अधिकार देने वाले प्रावधानों के तहत बनाए जाते हैं.









