देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हिमाचल रोडवेज बस हादसे में घायल लोगों का हाल-चाल जानने दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे. जहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनका हाल चाल जाना. साथ ही हादसे में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की.
सीएम पुष्कर धामी ने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों से बस हादसे में घायलों के उपचार की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टरों को सभी घायलों को बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने को कहा. सीएम धामी ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें विश्वास दिलाया कि राज्य सरकार घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी.
सीएम पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि उत्तराखंड में इलाज करा रहे हिमाचल प्रदेश के सभी घायलों का समुचित और निशुल्क उपचार राज्य सरकार की तरफ से किया जाएगा. उन्हें सभी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी. ताकि, वो जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अपनों के बीच जा सके.










