उत्तर प्रदेश की सियासत से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। महोबा में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उस वक्त विरोध का सामना करना पड़ा, जब बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने उनका काफिला रोक दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंत्री और विधायक के समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर झड़प हुई।
क्यों नाराज थे BJP विधायक?
चरखारी सीट से विधायक बृजभूषण राजपूत अपने क्षेत्र में ‘जल जीवन मिशन’ के काम को लेकर बेहद गुस्से में थे। उनका आरोप है कि उनके क्षेत्र के गांवों में पानी नहीं पहुंच रहा है और अधिकारी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने मंत्री के काफिले को रोक लिया।
विधायक ब्रजभूषण सिंह राजपूत नमामि गंगे योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति शुरू न होने और सड़कों की मरम्मत न होने से काफी नाराज थे। उनका आरोप है कि चरखारी क्षेत्र के कई गांवों में अब तक पानी नहीं पहुंचा है, जबकि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कें बदहाल हालत में छोड़ दी गई हैं। इसी नाराजगी के चलते जैसे ही जल शक्ति मंत्री महोबा पहुंचे, विधायक और उनके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। मौके पर दोनों पक्षों के सुरक्षाकर्मियों के बीच भी झड़प हुई, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
मामला इतना बिगड़ा कि खुद स्वतंत्र देव सिंह को गाड़ी से नीचे उतरकर रास्ता साफ करवाने के लिए आना पड़ा। इस दौरान विधायक और मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
विवाद बढ़ता देख जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक को साथ लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां ग्राम प्रधानों और अधिकारियों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक बैठक चली। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को 20 दिनों के भीतर पेयजल समस्या के समाधान करने के निर्देश दिए।










