भारत और पाकिस्तान के बीच आज यानी 14 दिसंबर को अंडर-19 एशिया कप 2025 का मुकाबला खेला गया. दुबई के आईसीसी एकेडमी पर भारत ने पाकिस्तान को 90 रनों से धूल चटा दी है. इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49 ओवर के मैच में 46.1 ओवर में 240 रन बनाए. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 41.2 ओवर में 150 रनों पर ढेर हो गई और 90 रनों से मुकाबला हार गई. इस मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के प्लेयर्स के साथ हाथ नहीं मिलाया.
इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. भारत के लिए आयुष मात्रे और वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की थी. वैभव 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि आयुष मात्रे ने 25 बॉल में 38 रनों की पारी खेली. उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के लगाए.
आरोन जॉर्ज ने भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए. आरोन ने 88 बॉल में 12 चौके और 1 छक्के के साथ 85 रनों की पारी खेली. टीम के लिए निचले क्रम में कनिष्क चौहान ने 46 रनों की पारी खेली. उन्होंने 2 चौके और 3 छक्के के लगाए. मोहम्मद सैय्यम और अब्दुल सुभान ने 1-1 विकेट हासिल किया.
दीपेश और कनिष्क ने चटकाए 6 विकेट
पाकिस्तान की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत से लड़खड़ा गई. टीम ने 30 रन पर 4 और 77 रन पर 6 विकेट गंवा दिए. पाकिस्तान के लिए हुजैफा अहसान ने सबसे ज्यादा रन बनाए. उन्होंने 83 बॉल में 9 चौके और 2 छक्के के साथ 70 रनों की पारी खेली. उनके अलावा कोई और बल्लेबाज 23 रनों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए. दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने भारत के लिए 3-3 विकेट लिए.










