मुंबई: दुनिया के सबसे पॉपुलर फुटबॉलरों में से एक लियोनेल मेसी रविवार को मुंबई पहुंचे. वानखेड़े स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा हुआ था, जिसमें सभी उम्र के फैंस शामिल थे. इस दौरान उनसे सचिन तेंदुलकर भी मिले.
चर्चगेट स्टेशन से वानखेड़े तक जाने वाली सड़क पर एक अलग ही जोश था. फैंस से भरे वानखेड़े स्टेडियम में हुए कार्यक्रम में सीएम देवेंद्र फडणवीस, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, बॉलीवुड स्टार अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ और भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री शामिल हुए.
वानखेड़े स्टेडियम में मेसी का शानदार तरीके से स्वागत किया गया और आतिशबाजी भी हुई. सीएम देवेंद्र फडणवीस और भारत रत्न सचिन तेंदुलकर भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए. एक प्रदर्शनी मैच खेला गया, जिसमें भारतीय फुटबॉलर सुनील छेत्री और बॉलीवुड एक्टर डिनो मोरिया जैसी हस्तियां शामिल थीं. मेसी, लुइस सुआरेज और रोड्री डी पॉल की तिकड़ी ने एक फ्रेंडली मैच में शामिल खिलाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाई.

यह दो स्पोर्ट्स सुपरस्टार्स की मुलाकात थी, जब सचिन तेंदुलकर ने मेसी को टीम इंडिया की जर्सी दी, जबकि मेसी ने सचिन को फुटबॉल दी. सीएम फडणवीस ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद भीड़ को संबोधित किया. कार्यक्रम का समापन मेसी द्वारा सुनील छेत्री को अपनी जर्सी देने के साथ हुआ.










