नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हुए भयानक आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की. इस हमले में यहूदी त्योहार हनुक्का का पहला दिन मना रहे लोगों को निशाना बनाया गया था.
अपने बयान में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इस हमले से बहुत सदमे में हैं और भारत के लोगों की ओर से उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. उन्होंने कहा कि भारत इस दुख की घड़ी में ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ खड़ा है.
भारत की स्थिति को दोहराते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस रखता है और आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लड़ाई का समर्थन करता है.
वहीं, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी घटना की निंदा की है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,” ऑस्ट्रेलिया के बोंडी बीच पर हनुक्का सेलिब्रेशन पर हुए आतंकी हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं. हमारी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं.”










