ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर का बॉन्डी बीच आमतौर पर सैर-सपाटे और सुकून के लिए जाना जाता है, लेकिन इसी बीच पर अचानक गोलियों की आवाज गूंजी और माहौल डर में बदल गया. बीच पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अफरा-तफरी मच गई. इस गोलीबारी की घटना ने पूरे ऑस्ट्रेलिया को झकझोर कर रख दिया है. न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने सीएनएन को बताया कि इस फायरिंग में कम से कम 9 लोगों की जान चली गई. इसके अलावा एक बंदूकधारी भी मारा गया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 10 हो गई. पुलिस ने बताया कि कई लोग इस हमले में घायल भी हुए हैं.
न्यू साउथ वेल्स पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही पुलिस ऑपरेशन जारी है. सुरक्षा बलों को पूरे बॉन्डी बीच और उसके आसपास के इलाकों में तैनात कर दिया गया है. पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि जो भी लोग मौके पर हैं, वे सुरक्षित जगह पर रहें और इलाके से दूर रहें. इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि बॉन्डी बीच पर जो हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला और परेशान करने वाला है. उन्होंने बताया कि पुलिस और आपातकालीन टीमें मौके पर मौजूद हैं।
यह गोलीबारी उस समय हुई, जब बॉन्डी बीच पर यहूदी त्योहार हनुक्का के मौके पर एक कार्यक्रम चल रहा था. हनुक्का त्योहार सूर्यास्त के बाद शुरू होता है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग गोलियों की आवाज सुनते ही बॉन्डी बीच पर इधर-उधर भागते हुए दिख रहे हैं. वीडियो में पुलिस सायरन की आवाज भी सुनाई देती है. हालांकि, इन वीडियो की तत्काल पुष्टि नहीं हो पाई है










