पटना : शीतकालीन सत्र में आज चौथे दिन राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई. विधानसभा और विधान परिषद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सत्ता पक्ष की तरफ से अपनी बातों को रखा. इस दौरान सीएम ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी जमकर तारीफ की.
मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को धन्यवाद दिया. एनडीए को भारी बहुमत से जीताने के लिए बिहार के लोगों को भी शुक्रिया अदा किया. कहा कि बिहार में विकास हो रहा है कहीं डर का माहौल नहीं है. सीएम ने कहा कि पहले कितना हिंदू मुस्लिम होता था, लेकिन अब किसी तरह का झंझट नहीं होता है.
‘नौकरी-रोजगार हमारी पहली प्राथमिकता’ : सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि 10 लाख नौकरी 10 लाख रोजगार का वादा किया गया था. लेकिन 10 लाख नौकरी और 40 लाख रोजगार दिया जा चुका है. यानी 50 लाख नौकरी रोजगार दिया जा चुका है. अब अगले 5 साल में एक करोड़ नौकरी रोजगार दिया जाएगा.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि केन्द्र सरकार का भी भरपूर मदद मिल रहा है. 2024 और 2025 में विशेष आर्थिक पैकेज बिहार को मिला है. बजट में मखाना बोर्ड के गठन का भी फैसला लिया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हम नमन करते हैं. इस दौरान सीएम नीतीश ने सभी को हाथ उठाने के लिए कहा. विपक्ष को भी कहा कि आप लोग भी क्यों नहीं उठा रहे हैं? आप लोग पहले बात मान लेते थे लेकिन बाद में गड़बड़ करने लगे तो छोड़ दिये, अब कभी नहीं जाएंगे.










