नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज गुरुवार को दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं. वहीं, इससे पहले, यहां राजनीति गर्मा गई है. लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने बयान दिया कि केंद्र सरकार का सुझाव है कि भारत आ रहे विदेशी मेहमानों से विपक्ष के नेता ना मिलें.
संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह के समय में लोकसभा में विपक्ष के नेता का विदेशी गणमान्य लोगों से मिलना परंपरा थी. कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि यह एक परंपरा रही है, लेकिन आजकल, विदेशी मेहमान आते हैं, या जब मैं विदेश जाता हूं, तो सरकार कहती है कि वे विपक्षी दलों के नेता से ना मिलें. यह उनकी पॉलिसी है, और वे हमेशा ऐसा करते हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि हमारे सभी से रिश्ते हैं. विपक्षी दलों के नेता एक अलग नजरिया देते हैं. हम भी भारत को रिप्रेजेंट करते हैं. ऐसा सिर्फ सरकार ही नहीं करती. सरकार नहीं चाहती कि अपोजिशन बाहर के लोगों से मिले. मोदी जी और फॉरेन मिनिस्ट्री इस परंपरा को फॉलो नहीं करते. यह उनकी इनसिक्योरिटी है.










