हल्द्वानी: सीएम पुष्कर सिंह धामी देवभूमि की डेमोग्राफी चेंज पर काफी आक्रामक नजर आए. उन्होंने कहा कि राज्य में नीली-पीली-हरी चादर बिछाकर पहले सरकारी जमीन कब्जाई जाती है. उसके बाद उन स्थानों पर निर्माण हो जाता है. हमने ऐसे 550 धार्मिक स्थलों की पहचान कर उन पर से अवैध कब्जा हटाया है.
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर आंच नहीं आने दी जाएगी. हम यहां के मूल निवासियों के मन में असुरक्षा का भाव नहीं पनपने देंगे. सीएम ने कहा कि हमने 550 अवैध धार्मिक स्थलों पर से कब्जा हटाया है. इन जमीनों को सरकार ने अपने कब्जे में लिया है. हमारी सरकार का ये कब्जा मुक्त अभियान चलता रहेगा. हम एक-एक कागज की जांच करा रहे हैं.
देवभूमि की डेमोग्राफी चेंज नहीं होने देंगे: मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के अंदर अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. आज हमारे पहाड़ों में ऐसे-ऐसे स्थानों पर जहां डेमोग्राफी चेंज करने वालों का कोई अस्तित्व नहीं था, वहां भी जेहाद पसंद लोग आकर बस गए हैं. ऐसे लोग यहां का मूल निवासी होने का दावा किया जा रहा है. ऐसे लोगों द्वारा देवभूमि की डेमोग्राफी खराब की जा रही है. इस पर के सुनियोजित खिलवाड़ किए जा रहे हैं. हमारी संस्कृति से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं करेंगे. हमने लैंड जिहाद वाले घुसपैठियों से 10 हजार एकड़ से ज्यादा सरकारी भूमि मुक्त कराई है.









