पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद बहुजन समाज पार्टी को एक बड़ा सियासी झटका लगा है. पार्टी के बिहार प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने अपने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने इसके पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है. उनके इस अचानक फैसले से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पार्टी संगठन में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
अपने त्यागपत्र में अनिल कुमार ने पार्टी अध्यक्ष मायावती को संबोधित करते हुए लिखा कि वे वर्तमान में अपरिहार्य निजी कारणों के चलते पार्टी के कार्यों में अपना पूरा समय और योगदान देने में असमर्थ हैं. इसी वजह से वे स्वेच्छा से बिहार प्रदेश प्रभारी पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे रहे हैं. उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले स्नेह, सहयोग और मार्गदर्शन के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार भी जताया है.
अनिल कुमार के इस्तीफे को बिहार में बसपा के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी पहले से ही कमजोर स्थिति में है. पार्टी के कुछ लोगों का ऑफ रिकॉर्ड करना है की 2 दिन पहले पार्टी की समीक्षा बैठक हुई थी जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शामिल हुए थे.
इसमें कुछ लोगों ने अनिल कुमार के कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े किए थे. हालांकि अनिल कुमार ने यह भी कहा था कि उनके पार्टी के एकमात्र विधायक सतीश यादव को सत्ताधारी पक्ष की ओर से तोड़ने की कोशिश की जा रही है.










