पटना: बिहार के पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नई नीतीश सरकार का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत एनडीए के कई शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नीतीश कुमार ने बिहार के सीएम के तौर पर 10वीं बार शपथ लेकर इतिहास रच दिया है. उनके साथ ही 26 मंत्री बनाए गए हैं.
नीतीश कुमार और उनकी टीम: नीतीश कुमार ने जब शपथ ग्रहण किया तो पूरा गांधी मैदान नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा. नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा को राज्यपाल ने मंत्री पद की शपथ दिलवायी. एक बार फिर से दोनों को बिहार का डिप्टी सीएम बनाया गया है. वहीं कुल 26 मंत्री बनाए गए हैं.
नीतीश कुमार के शपथ के बाद पहले पांच-पांच नेताओं को एक साथ शपथ दिलायी गई और आखिर में श्रेयसी सिंह समेत छह नेताओं को एक साथ शपथ दिलायी गई. शपथ लेने वालों में सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, बिजेंद्र प्रसाद यादव, डॉ दिलीप जायसवाल, लेशी सिंह, अशोक चौधरी के नाम शामिल हैं.
BJP कोटे के मंत्री: शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी से कुल 14 मंत्रियों को शपथ दिलायी गई है. जिन नेताओं को मंत्री बनाया गया है, उनमें सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडे, डॉ दिलीप जायसवाल, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता,लखेंद्र कुमार रोशन, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, श्रेयसी सिंह और डॉ प्रमोद कुमार शामिल हैं.
JDU कोटे के मंत्री: शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू से आठ मंत्रियों ने शपथ लिया है. जदयू से मंत्री पद की शपथ लेने वालों में विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, बिजेंद्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मोहम्मद जमा खान, मदन सहनी और डॉ. प्रमोद कुमार का नाम शामिल है.
इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी एलजेपीआर से संजय कुमार और संजय कुमार सिंह को शपथ दिलायी गई. वहीं जीतन राम मांझी की हम पार्टी और उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम से एक-एक मंत्री बनाया गया है. मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन को मंत्री पद की शपथ दिलायी गई. वहीं आरएलएम से दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया है.










