दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर दिल्ली, AQI पहुंचा 500 पार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुनिया भर में वायु प्रदूषण को मापने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था IQAir की नवीनतम लाइव रैंकिंग में भारत की राजधानी दिल्ली ने एक बार फिर चिंताजनक रिकॉर्ड दर्ज किया है. बृहस्पतिवार सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 506 दर्ज हुआ, जो ‘Hazardous’ श्रेणी में आता है और सीधे तौर पर लोगों की सेहत के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है. रैंकिंग में दिल्ली दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर है. इसके साथ ही दक्षिण एशिया के कई बड़े शहर इस सूची में शीर्ष स्थानों पर हैं.

विशेषज्ञों ने इस खतरनाक स्तर को स्वास्थ्य के लिए खतरा मानते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. IQAir की विश्व लाइव रैंकिंग के मुताबिक, 20 नवंबर को इस सूची में पहले स्थान पर दिल्ली के बाद दूसरे स्थान पर उज़्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद 251 के AQI के साथ दर्ज है. तीसरे नंबर पर पाकिस्तान का लाहौर (AQI 215), चौथे पायदान पर बांग्लादेश की राजधानी ढाका 211, AQI के साथ है. भारत का कोलकाता भी 211 के AQI के साथ पांचवें स्थान पर है. ऐसे में ये स्थिति बताती है कि दक्षिण एशिया के कई बड़े शहर गंभीर वायु संकट से जूझ रहे हैं.

दिल्ली NCR में लगातार बढ़ते प्रदूषण का प्रभाव लोगों की सेहत पर साफ देखने को मिल रहा है. अस्पतालों में सांस संबंधी मरीजों की संख्या बढ़ रही है. विशेषज्ञों का कहना है कि AQI 500 के पार लंबे समय तक रहने से अस्थमा, ब्रोंकाइटिस, फेफड़ों के संक्रमण व दिल संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. भारत के दो अन्य प्रमुख महानगर मुंबई (AQI 160) व कोलकाता (AQI 211) भी टॉप-10 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल हैं, जो चिंताजनक है. दिल्ली की तरह ये दोनों भी मेट्रो सिटी हैं

दिल्ली और एनसीआर में सुबह और शाम के समय हालात सबसे ज्यादा बिगड़ जाते हैं. कम तापमान और धीमी हवा की वजह से धुआं नीचे ही अटक जाता है और लोगों को भारीपन, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं होने लगती हैं.

सड़कों पर सफर करना तक मुश्किल हो जाता है. कई इलाकों में लोगों ने बताया कि कुछ मीटर दूर तक भी साफ दिखाई नहीं दे रहा. ऐसे में यह साफ है कि फिलहाल हवा में सुधार की कोई उम्मीद नहीं दिख रही.

IQAir क्या है ?

IQAir एक स्विट्जरलैंड स्थित वैश्विक वायु-गुणवत्ता निगरानी करने वाली एक संस्था है, जो दुनिया भर के हजारों सरकारी और निजी मॉनिटरिंग स्टेशनों से रियल-टाइम डेटा लेकर AQI रैंकिंग तैयार करती है. यह संस्था पीएम 2.5, पीएम 10, ओजोन और अन्य खतरनाक प्रदूषकों के आधार पर शहरों की वायु गुणवत्ता को मापती है. इसकी रिपोर्टें दुनिया भर में मान्य हैं. वायु प्रदूषण के अध्ययन, चेतावनी व नीति निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial