नई दिल्लीः यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पूर्व मंत्री और अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल होगी।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अपनी जनता पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य की रणनीति और कितनी सीटों पर हम चुनाव लड़ेंगे, इस पर बाद में चर्चा होगी। हमारा लक्ष्य होगा ‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ, बीजेपी हटाओ’।
मौर्य ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी पूरे देश में SC, ST, OBC और अल्पसंख्यकों की आवाज़ उठा रहे हैं, उसी तरह हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश में काम कर रही है। राहुल गांधी की विचारधारा को देखते हुए हम गठबंधन के हिस्से के तौर पर चुनावी मैदान में उतरेंगे।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि मैं समान विचारधारा वाले लोगों को एक साथ लाने की कोशिश में लगातार जुटा हुआ हूं। आज मुलाकातों की बस शुरुआत हुई है। आगे क्या होगा, इसकी जानकारी सही समय पर दी जाएगी।









