पटना : पटना के गांधी मैदान में 20 नवंबर को होने वाले एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम स्थल पर पहुंचकर पूरे आयोजन स्थलों का विस्तृत जायजा लिया. प्रशासन से लेकर एनडीए के शीर्ष नेताओं तक, सभी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. माना जा रहा है कि 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे नीतीश कुमार इस समारोह को ऐतिहासिक बनाना चाहते हैं.
PM मोदी भी होंगे शामिल : समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे. इसके साथ ही केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष व केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस समारोह में भाग लेंगे.
16 राज्यों के CM होंगे शामिल : इसके साथ ही देश के 16 राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसमें शामिल होंगे. जिसमें यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आन्ध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्र बाबू नायडू, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस, उड़ीसा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र गाई पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा, अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खाडु, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहास मणिपुर के मुख्यमंत्री एन विरेन सिंह शामिल हैं.
सीएम नीतीश ने लिया तैयारियों का जायजा : नीतीश कुमार मंगलवार शाम गांधी मैदान पहुंचे और शपथ ग्रहण समारोह को लेकर सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए. मौके पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, बिहार के डीजीपी विनय कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे. नीतीश कुमार ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के प्रवेश मार्ग, वीआईपी बैठने की व्यवस्था और तकनीकी सेटअप की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के साथ जरूरी दिशा निर्देश दिए.
शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में लगभग 3 लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल जर्मन हैंगर वाला पंडाल तैयार किया जा रहा है. आयोजन स्थल पर 30 हजार कुर्सियां और 1500 सोफे लगाए गए हैं. इसके अलावा मुख्य मंच को विशेष रूप से सजाया जा रहा है ताकि कार्यक्रम का स्वरूप भव्य और ऐतिहासिक दिखाई दे. मुख्यमंत्री को सजाने के लिए कर्नाटक से फूल मंगाए गए हैं. प्रशासन की विभिन्न टीमें मंच पर माइक की व्यवस्था के साथ-साथ साउंड सिस्टम और लाइट सिस्टम के साथ-साथ सुरक्षा प्रबंधन पर नजर रखे हुए हैं.










