बेतिया: बिहार के बेतिया जिले में एक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल है. यह हादसा लौरिया बेतिया मुख्य मार्ग NH-227 पर बिशुनपुरवा गांव के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बारातियों को रौंद दिया है. इस हादसे में 5 लोगों की मौत हुई, जबकि दर्जनभर लोग घायल बताए जाते है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि ‘‘नरकटियागंज के धूमनगर से लौरिया के बिशुनपुरवा बारात आई थी. सभी बाराती सड़क किनारे खड़े थे और बारात लड़की के घर पर ले जाने की तैयारी कर रहें थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने अनियंत्रित हो गई और लोगों को कुचल दिया.”
हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख–पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे भीड़ में जा घुसी और देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया.
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई है. आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे. लेकिन तब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि कई लोग घायल हैं.









