पटना : बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. 14 नवंबर को मतगणना होनी है. उससे पहले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि अंतिम चरण में कुल 68.79% वोटिंग दर्ज की गई है. अब तक के दोनों चरणों को मिलाकर औसत मतदान प्रतिशत 66.90% रहा है. यह आंकड़ा पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 9.6% अधिक है, जो मतदाताओं की जागरूकता और लोकतंत्र के प्रति उत्साह को दर्शाता है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि पूरे राज्य में मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी किसी बड़ी हिंसक घटना की सूचना नहीं मिली. उन्होंने कहा कि मतदाताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने अनुशासनपूर्ण तरीके से सहयोग किया, जिसके कारण चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी.
चुनाव आयोग ने इस बार पहली बार मतदान केंद्रों से वोटिंग का लाइव टेलीकास्ट किया. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि यह प्रयोग पूरी तरह सफल रहा और इससे चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है. उन्होंने बताया कि अब तक पूरे राज्य में 127 करोड़ रुपये की जब्ती की गई है, जिसमें 78 करोड़ रुपये की शराब और ड्रग्स शामिल हैं. पहले चरण की तुलना में इस बार अधिक जोश और शांति के साथ लोगों ने मतदान किया.
मतदान केंद्रों पर भेजी गई ईवीएम मशीनों को GPS से ट्रैक किया गया. इससे किसी भी गड़बड़ी या देरी की संभावना समाप्त हो गई. जहां से भी कोई शिकायत आई, वहां तुरंत कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव कराना है और इस बार तकनीक ने इसमें बड़ी भूमिका निभाई है.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि इस बार मतदाताओं का उत्साह देखने लायक था. ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लंबी कतारें लगीं और लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पहली बार मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतार देखने को मिली और काफी अनुशासित रूप से मतदाता कतार में खड़े रहे. आयोग ने मतदाताओं, सुरक्षा बलों और चुनाव कर्मियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के सहयोग से बिहार में अब तक के सबसे शांतिपूर्ण और व्यवस्थित चुनावों में से एक संपन्न हुआ है.








