कोलकाता: दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण विस्फोट के बाद देश में उबाल है. तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय को जिम्मेदार ठहराया है और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाया है.
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने इस मामले में केंद्र से जवाबदेही की मांग की है. उनकी साथी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है.
अभिषेक बनर्जी ने जहां दिल्ली की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है. वहीं, तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय गृह मंत्रालय पर विफलता का आरोप लगाते हुए केंद्र की कड़ी आलोचना की है. दोनों नेताओं के बयान देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के प्रति गहरी चिंता और गुस्से को दर्शाते हैं.
अभिषेक बनर्जी ने आज सोशल मीडिया पर एक मैसेज में लिखा, “दिल्ली के लाल किले के पास हुए दुखद विस्फोट की खबर सुनकर मैं बेहद स्तब्ध और व्यथित हूं. इस विस्फोट में कथित तौर पर कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए. मेरी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं और मेरी प्रार्थनाएं उन लोगों के साथ हैं जो अपनी चोटों से उबर रहे हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “यह बेहद दुखद है कि हमारी राष्ट्रीय राजधानी के मध्य में ऐसी घटना घटी है. दिल्ली पुलिस, जो सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन है, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्राथमिक जिम्मेदारी रखती है. फिर सुरक्षा में इतनी गंभीर चूक कैसे होने दी जा रही है? कल ही सुबह हरियाणा के फरीदाबाद से लगभग 350 किलोग्राम विस्फोटक और एक असॉल्ट राइफल बरामद की गई. कुल मिलाकर, ये घटनाएं आंतरिक सुरक्षा और सतर्कता में स्पष्ट गिरावट पर चिंताजनक प्रश्न उठाती हैं.
बनर्जी ने कहा, “सच्चाई को उजागर करने और जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह से जवाबदेह ठहराने के लिए, अगर आवश्यक हो तो अदालत की निगरानी में एक विशेष जांच दल (SIT) द्वारा निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की जानी चाहिए.”
दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर एक पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला. उन्होंने लिखा, “भारत को एक सक्षम गृह मंत्री की जरूरत है, न कि एक फुल टाइम नफरत फैलाने वाले मंत्री की. क्या अमित शाह का यह कर्तव्य नहीं है कि वे हमारी सीमाओं के साथ-साथ हमारे शहरों की भी रक्षा करें? वह हर मोर्चे पर इतनी बुरी तरह विफल क्यों हो रहे हैं?”
इस पोस्ट के तुरंत बाद महुआ मोइत्रा ने एक पोस्ट टैग करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने 2014 में पीएम मोदी की उस पोस्ट को शेयर किया, जिसमें प्रधानमंत्री ने लिखा था, “भारत को एक मजबूत सरकार की जरूरत है. मोदी कोई मायने नहीं रखते. मैं वापस जाकर चाय की दुकान खोल सकता हूं, लेकिन देश अब और नहीं सह सकता.”










