पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद ईवीएम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जा रहे है. शनिवार को समस्तीपुर के स्ट्रॉंग रूम में आधे घंटे सीसीटीवी कैमरा बंद रहा.इस बात को लेकर राजद ने चुनाव आयोग से ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. पार्टी के प्रवक्ता प्रो. मनोज झा ने पत्र में लिखा है कि कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं और बिजली आपूर्ति भी सही नहीं है. इसके मद्देनजर 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की मांग की.
RJD ने की स्ट्रांग रूम के सुरक्षा बढ़ाने की मांग : RJD ने अपने सोशल मीडिया ‘एक्स’ अकाउंट पर स्ट्रांग रूम का एक वीडियो साझा करते हुए चुनाव आयोग पर सीधा सवाल खड़ा खिया है . वहीं जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी ने गड़बड़ी की अफवाह का खंडन करते हुए आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी की है.
स्ट्रांगरूम परिसर के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर CCTV की मांग : मनोज झा ने चुनाव आयोग से इस मामले का संज्ञान लेने और स्ट्रांगरूम परिसर के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर 24×7 सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है जिसमें वास्तविक समय पर निगरानी और वीडियो फुटेज का सुरक्षित भंडारण शामिल है.
राजद ने कहा, ”समस्तीपुर की मोहिउद्दीन नगर विधानसभा के स्ट्रांग रूम में घुसते कुछ संदिग्ध दिखे. चुनाव आयोग स्थिति स्पष्ट करे कि स्ट्रांग रूम के अंदर ये संदिग्ध लोग कौन थे और क्या कर रहे थे?
CCTV आधे घंटे तक बंद रहने पर उठे सवाल :राजद ने एक अन्य वीडियो साझा करते हुए कहा है कि ”समस्तीपुर के स्ट्रॉंग रूम में आधे घंटा सीसीटीवी कैमरा बंद रहा! चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन भ्रष्टाचार इस मामले में फालतू बहाने जैसे बिजली कट गई, बैटरी डाउन हो गया, टीवी स्लीप मोड में चला गया, जेनरेटर नहीं था… नहीं बनाए! आप लोगों की विश्वसनीयता और शुचिता शून्य है! वोट चोरी के हथकंडे बंद कीजिए ”










