नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज नई दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस कर हरियाणा विधानसभा चुनाव में 25 लाख वोटों की चोरी का आरोप लगाया है. हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए आरोपों को गलत बताया है.
“देश को गुमराह कर रहे राहुल गांधी” : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बोलते हुए पंचकूला पहुंचे हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि “राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं. कांग्रेस ने लगातार देश को पीछे धकेलने का काम किया है. नरेंद्र मोदी गरीब के उत्थान की बात करतें हैं, हमारे गुरुओं ने रास्ता दिखाया है. गुरुनानक जी ने कहा कि ईमानदारी से काम करना और लोगों को उसका लाभ पहुंचाना लेकिन जिस तरह से कांग्रेस मुद्दाविहीन हो गई है, कांग्रेस का युवराज मुद्दाविहीन हो गया है, आज मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता लेकिन समय आएगा तो मैं इस पर जरूर टिप्पणी करूंगा.”
“झूठ बोल रहे राहुल गांधी” : आगे बोलते हुए उन्होंने कहा कि ” राहुल गांधी के पास ना तो कोई मुद्दा है और ना कोई विषय है. देश को गुमराह कर रहे हैं, झूठ बोलकर गुमराह कर रहे हैं. आप काम के बारे में चर्चा करिए कि हम वो काम करेंगे, ये काम करेंगे, परंतु इस तरह का झूठ फैलाकर लोग आपके साथ नहीं आएंगे. आप झूठ बोल रहे हैं, आपकी चार पीढ़ियों ने देश पर शासन किया. अगर चार पीढ़ियों के शासन के बावजूद भी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को झूठ बोलना पड़ रहा है तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है.”










