आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का पहला सेमीफाइनल मैच दक्षिण अफ्रीका ने जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. इस मैच में इंग्लैंड को दक्षिण अफ्रीका के हाथों 125 रनों से हार का सामना करना पड़ा है. इस मुकाबले में हार के साथ 4 बार की विश्व कप विजेता इंग्लैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गई और उसका चौथा विश्व कप जीतने का सपना अधूरा रह गया.
इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने पहली बार फाइनल में जगह बनाई है. अब उसके पास पहली बार वनडे महिला विश्व कप का खिताब अपने नाम करने का मौका होगा. 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका की टक्कर ऑस्ट्रेलिया या भारत में से किसी एक से होगी. जो 30 अक्टूबर को दूसरे सेमीफाइनल को जीतकर फाइनल में प्रवेश करेगा.
लौरा वोल्वार्ट ने खेली 169 रनों की शानदार पारी
ये मैच इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 319 रन बनाए. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 42.3 ओवर में 10 विकेट गंवाकर सिर्फ 194 रन पर ढेर हो गई और 125 रनों से मैच हार गई. इस मैच में अफ्रीका के लिए कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने 169 रनों की मैराथन पारी खेली, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
दक्षिण अफ्रीका से जीत के लिए मिले 320 रनों के लक्ष्य का पीछा करने के लिए इंग्लैंड के लिए पारी की शुरुआत एमी जोन्स और टैमी ब्यूमोंट ने की. इंग्लैंड की शुरुआत किसी बुरे सपने की तरह रही और टीम ने 1 रन पर ही तीन विकेट गंवा दिए. एमी जोन्स, टैमी ब्यूमोंट और हीथर नाइट तीनों शून्य के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद टीम को कप्तान नेट साइवर-ब्रंट और एलिस कैप्सी ने संभालने की कोशिश की और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया. लेकिन कैप्सी 71 बॉल में 6 चौकों के साथ 50 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं और ब्रंट 76 बॉल में 6 चौके और 1 छक्के के साथ 64 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. इन दोनों के विकेट के साथ ही टीम के जीतने की उम्मीद भी खत्म हो गई. इन दोनों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज इंग्लैंड के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाया. दक्षिण अफ्रीका के लिए मैरिजेन कैप ने 5 विकेट हासिल किए.










