पौड़ी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजकीय इंटर कॉलेज रिखणीखाल में आयोजित शहीद स्मरण समारोह शामिल हुए. जहां उन्होंने 102.82 करोड़ रुपए की 11 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इनमें 56.58 करोड़ की 6 योजनाओं का लोकार्पण और 46.24 करोड़ की 5 योजनाओं का शिलान्यास शामिल रहा.
सीएम धामी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण भी किया और ओखली में धान कूटने, सिलबट्टे पर चटनी पीसने और मट्ठा निकालने जैसी पारंपरिक गतिविधियों पर भी हाथ आजमाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पहाड़ी उत्पादों की मांग देश-विदेश में तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में स्थानीय लोग स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त बनें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्रवाद और जातिवाद से ऊपर उठकर विकास के लिए कार्य कर रही है। सरकार ने दंगा विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), ऑपरेशन कालनेमि और नकल विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जिससे राज्य में सुशासन की स्थापना हो रही है।
वहीं, सीएम धामी वीरांगनाओं, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि यह अवसर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहीदों को सामूहिक श्रद्धांजलि देने का क्षण है. उत्तराखंड का हर घर सेना से जुड़ा है और राज्य सरकार सैनिकों व उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है.
इस अवसर पर सीएम धामी ने रिखणीखाल क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी की. जिनमें विद्यालय का नाम परिवर्तन, सड़कों, पंपिंग योजनाओं, अतिथि गृह, प्रेक्षागृह, पशु सेवा केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अमर शहीदों के नाम पर मोटरमार्गों का नामकरण शामिल हैं.










