मथुरा : कोसी कला थाना क्षेत्र में बेटे ने पिता की धारदार हथियार से काट दिया. इसके बाद तमंचे से गोली मार दी. हत्याकांड में युवक के चचेरे भाई ने भी साथ दिया. आरोप है कि पिता अपनी ही बेटी के साथ गंदा काम कर रहा था. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
नगला इस्लामपुर रोड पर रविवार दोपहर पारिवारिक विवाद के चलते पिता की उसके पुत्र और भतीजे ने हत्या कर दी. चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए. भीड़ देख दोनों भागने लगे तो लोगों ने पकड़ा लिया और पुलिस को सूचना दी.
बेटी के साथ दो बार किया था दुष्कर्म : 55 वर्षीय अधेड़ इस्लामपुर क्षेत्र स्थित मकान में परिवार सहित रह रहा था. वह नशे का आदी था और बीते छह माह में अपनी ही दो नाबालिग बेटियों के साथ दो बार दुष्कर्म कर चुका था. रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे जब उसने दोबारा बेटियों के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया, तो बेटा और भतीजे ने उसे रोकने की कोशिश की.
बीमा के लिए की थी पत्नी की हत्या : इसी दौरान कहासुनी के बीच दोनों ने मिलकर अधेड़ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, मृतक ने पिछले साल बीमा का लाभ लेने के लिए अपनी पत्नी की भी हत्या कर दी थी, जिसके बाद से घर में तनाव का माहौल बना हुआ था. मृतक राजस्थान का रहने वाला था.
पुलिस ने परिजनों को हिरासत में लिया : सीओ भूषण वर्मा ने बताया कोसी कला थाना क्षेत्र इलाके में 55 वर्षीय अधेड़ की उसके पुत्र और भतीजे ने हत्या कर दी. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. परिवार के कुछ अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. पारिवारिक क्लेश के चलते घटना को अंजाम दिया गया है.










