सीएम धामी ने खटीमा में युवाओं से किया सीधा संवाद, सवालों का दिया जवाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोहियाहेड स्थित सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. कार्यक्रम में कई युवाओं ने सीएम धामी से सीधा संवाद किया. युवाओं ने स्टार्टअप शुरू करने की योजनाओं की जानकारी, आगामी भर्ती परीक्षा कार्यक्रम, पारदर्शी प्रतियोगी परीक्षा समेत विभिन्न विषयों पर संवाद किया. वहीं, सीएम धामी ने भी बेहद सहज व सरल तरीके से युवाओं से संवाद कर उनकी सभी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों के उत्तर दिए. साथ ही युवाओं को आधुनिक भारत को आगे ले जाने का माध्यम बताया.

बता दें कि गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के लोहियाहेड सीएम कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया. इस मौके पर सीएम धामी ने स्थानीय युवाओं से संवाद कर विभिन्न विषयों पर वार्ता की. वहीं, युवा संवाद में पहुंचे युवाओं ने भी सीएम धामी से विभिन्न प्रश्नों को पूछकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया.

सीएम धामी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह कार्यक्रम खास है. क्योंकि, मैं किसी औपचारिक कार्यक्रम में नहीं, बल्कि युवा मनों से सीधे संवाद करने आया हूं. उन्होंने कहा कि जब युवा ऊर्जा, उम्मीद और सकारात्मक सोच से भरे हों तो माहौल अपने आप उत्साह से भर जाता है. उन्होंने युवाओं से कहा कि आप लोग अपना स्वास्थ्य, अपनी पढ़ाई, नई-नई स्किल सीखना भी जारी रखिए.

उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में लंबे समय तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और युवा मोर्चा में कार्य किया है. मेरे इस अनुभव ने मुझे बताया है कि जिस देश के युवा ठान लें, वे अपने देश को शिखर पर ले जाना चाहते हैं, तो उस देश को आगे बढ़ने से कोई भी नहीं रोक सकता.

भारत ने हमेशा आधुनिकता को अपनाया: उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा आधुनिकता को अपनाया है और परिवर्तन को स्वीकार किया है. यही वजह है कि आज भारत से आने वाली आवाज दुनिया की दिशा तय कर रही है. उन्होंने कहा कि अक्सर मैं युवाओं के साथ अपने संवाद में उनसे कहता हूं कि सबसे पहले तय कीजिए कि आप जीवन में क्या करना चाहते हैं?

सीएम धामी ने कहा कि मेरा मानना है कि ये ‘युवा संवाद’ भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा. साथ ही कहा कि हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial