मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने चुनाव आयोग पर महाराष्ट्र में फर्जी वोटरों के रजिस्ट्रेशन का आरोप लगाया है. राज ठाकरे ने कहा कि चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में 96 लाख फर्जी मतदाताओं का पंजीकरण किया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई, पुणे, नासिक, ठाणे जैसे शहरों में कुल आठ से साढ़े आठ लाख मतदाताओं की घुसपैठ हुई है. राज ठाकरे ने कहा कि ये फर्जी मतदाता हर शहर और ग्राम सभा में घुसपैठ कर रहे हैं. बता दें कि रविवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के पदाधिकारी मुंबई के नेस्को मैदान में आयोजित सभा में बोल रहे थे.
ठाकरे ने कहा, “मतदाता सूचियों में गड़बड़ी कोई नई बात नहीं है—यह वर्षों से चली आ रही है. मैंने 2016-17 में वोटिंग मशीनों और मतदाता सूचियों से संबंधित यह मुद्दा उठाया था. जब अधिकारियों ने लोगों के दरवाजे खटखटाने शुरू किए, तो यह स्पष्ट हो गया कि किस तरह की चुनावी व्यवस्था चल रही थी.”
‘लोकतंत्र का अपमान’
ठाकरे ने कहा, “अगर नतीजे पहले से तय हों, तो उम्मीदवार चुनाव क्यों लड़ें या लोग वोट क्यों दें? यह मतदाताओं और लोकतंत्र का अपमान है. अगर मतदाता सूची में छेड़छाड़ की जाती है, तो नतीजे पहले से तय होते हैं.” उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ एक खतरनाक साजिश बताया.
सत्ता में बैठे लोग नाराज क्यों हो रहे हैं
उन्होंने कहा, “मैं चुनाव आयोग से इन सूचियों को ठीक करने की मांग कर रहा हूं. मुझे समझ नहीं आ रहा कि सत्ता में बैठे लोग नाराज क्यों हो रहे हैं—शायद इसलिए कि वे इसमें शामिल हैं. जब हम आयोग से सवाल करते हैं, तो सत्ताधारी दल जवाब देता है. उन्हें किसने पूछा? वे इसलिए नाराज हैं क्योंकि वे इस भ्रष्ट व्यवस्था का फायदा उठा रहे हैं.”
राज ठाकरे ने सत्तारूढ़ दल पर आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल चुनाव कराने की जल्दी में है, क्योंकि उन्होंने फर्जी मतदाताओं के सहारे चुनाव जीतने की पूरी तैयारी कर ली है.










