गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नए मंत्रिमंडल का आज गठन हो गया है। सबसे पहले हर्ष संघवी ने शपथ ली है, उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है। उनके बाद जीतूभाई वाघाणी और पुरुषोत्तम सोलंकी ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए हैं। भूपेंद्र पटेल सरकार की नई कैबिनेट में 25 विधायकों को मंत्री बनाया गया है। इनमें 3 महिलाएं हैं। पटेल समाज से CM समेत 8 मंत्री होंगे। 8 OBC, 3 SC, 4 ST और 3 महिलाएं हैं। 19 नए चेहरे हैं।
गुजरात में नई कैबिनेट के गठन से एक दिन पहले गुरुवार को सीएम भूपेंद्र पटेल को छोड़कर राज्य के सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया था। गुजरात मंत्रिमंडल में सीएम पटेल सहित 17 मंत्री थे। 8 कैबिनेट स्तर के मंत्री थे जबकि इतने ही राज्य मंत्री (एमओएस) थे।
पूरा मंत्रिमंडल क्यों बदला गया?
माना जा रहा है कि सीएम से गुजरात के लोग खुश हैं लेकिन मंत्रियों की ग्राउंड रिपोर्ट ठीक नहीं है। दूसरी वजह स्थानीय निकाय के चुनाव हैं जो बहुत जल्द होने वाले हैं। इसके साथ साथ बीजेपी कुछ पुराने दिग्गजों की भी वापसी की तैयारी कर रही है। साथ ही जिन मंत्रियों को हटाया गया है, उन्हें बड़े पद दिए जाएंगे।










