चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी विधानसभा चंपावत के टनकपुर तहसील क्षेत्र के लोगों को करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात दी है. गुरुवार को मुख्यमंत्री अपने टनकपुर दौरे में पहुंचे. इस दौरान जहां उन्होंने ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहन उत्सव’ आयोजन में प्रतिभाग किया. वहीं टनकपुर में सीएम कैंप कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया. इसके अलावा सीएम ने 36 करोड़ तीस लाख रुपए की 15 विकास योजनाओ का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी विधानसभा चंपावत के लोगों को करोड़ों की विकास योजना की सौगात दी है. मुख्यमंत्री धामी ने टनकपुर के छीनी गोठ इलाके में आयोजित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ आयोजन में प्रतिभाग किया. इस आयोजन में लगे विभिन्न स्थलों का मुख्यमंत्री धामी ने निरीक्षण किया. सैकड़ों की संख्या में स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहन छोलिया नृत्य ढोल दमाऊ के साथ सीएम का स्वागत अभिनंदन किया. सीएम ने आयोजन में महिला समूह के एपन कला, हस्तशिल्प, खाद्य पदार्थ,सहित विभिन्न स्टॉलों में पहुंच महिला शक्ति का उत्साहवर्धन किया.
इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार राज्य की महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने हेतु प्रतिबद्ध है. सरकार महिला उद्यमियों को उत्पादन निर्माण, वित्तीय तकनीकी सहायता, परिवहन सेवाएं, बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग कर स्वावलंबी बना रही है. इस दौरान सीएम धामी ने टनकपुर में सीएम कैंप कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया.

भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन: चंपावत दौर के बाद सीएम धामी उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर पहुंचे. जहां सीएम धामी ने बाजपुर रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी का जिला कार्यालय का उद्घाटन किया. दरअसल काशीपुर में भाजपा जिला कार्यालय का भूमि पूजन मुख्यमंत्री धामी ने ही मुख्यमंत्री नियुक्त होने के एक साल के बाद 15 मई 2023 को किया गया था. दो साल में अब यह जिला कार्यालय बनकर तैयार हो गया है. गुरुवार को कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, नगर निगम महापौर दीपक बाली भी मौजूद रहे.
इस दौरान सीएम धामी ने मंच से अपने संबोधन में पार्टी के जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी. सीएम धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी के तहत अनेक कार्यक्रम और मेले का आयोजन किया जा रहा है.










