हरियाणा के पंचकूला की फार्मा कंपनी मिट्स नेचुरा लिमिटेड के मालिक एम के भाटिया ने दिवाली के मौके पर अपने कर्मचारियों को 51 नई चमचमाती कारों का तोहफा दिया है.

कर्मचारियों को तोहफे में कार : एम.के.भाटिया दिवाली पर हर साल अपने कर्मचारियों को ब्रांड न्यू कारें गिफ्ट देते हैं जिसे लेकर वे खासे चर्चा में रहते हैं. इस साल भी उन्होंने अपने कर्मचारियों को नई कारें तोहफे में दी है जिसके बाद उनकी फार्मा कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है. एम.के.भाटिया कर्मचारियों को कारें गिफ्ट करने के दौरान अपनी इंस्टाग्राम रील भी बनाते हैं जो खूब वायरल होती है.
51 चमचमाती कारों का गिफ्ट : इस साल एम.के.भाटिया ने हाफ सेंचुरी लगाते हुए कुल मिलाकर 51 कारें गिफ्ट की है. चमचमाती नई कारों की चाबियां पाकर उनके सहयोगियों के चेहरे भी खिल उठे. गिफ्ट में कार मिलने के बाद उनके साथ कर्मचारियों ने कार के शोरूम से मिट्स हाउस तक “कार गिफ्ट रैली” भी निकाली, जिसने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींचा.
“कर्मचारी मोटिवेटेड रहेंगे, कंपनी शिखर पर पहुंचेगी” : जब एम.के.भाटिया से पूछा गया कि वे हर साल इतनी महंगी कारें कर्मचारियों को तोहफे में क्यों देते हैं, इसका जवाब देते हुए खुद एम.के.भाटिया ने बताया कि “मेरे कर्मचारी ही मेरी फार्मा कंपनियों की बैकबोन हैं. उनकी मेहनत, ईमानदारी और समर्पण ही हमारी सफलता की नींव है. उन्हें सम्मानित करना और प्रोत्साहित करना मेरा उद्देश्य है ताकि वे हमेशा मोटिवेटेड रहें और कंपनी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं. गिफ्ट देने का मकसद दिखावा करना नहीं, बल्कि टीम स्पिरिट और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत करना है. जब टीम खुश होती है, तो कंपनी खुद-ब-खुद आगे बढ़ती है.”
हर साल देते हैं कारों का गिफ्ट : आपको बता दें पिछले कई सालों से फार्मा कंपनी के मालिक एम के भाटिया अपने कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट के तौर पर कारें देते रहे हैं. साल 2023 और 2024 में भी कारों का गिफ्ट देकर उन्होंने खासी सुर्खियां बटोरी थी.










