नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह डोनाल्ड ट्रंप से डरे हुए हैं. उन्होंने ये हमला तब किया जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि भारत ने उन्हें रूस से तेल की खरीद रोकने का आश्वासन दिया है.
राहुल गांधी ने डोनाल्ड ट्रंप के दावे पर आपत्ति जताई और अपनी बात को पुख्ता करने के लिए केंद्र सरकार पर आरोप गिनाए. राहुल गांधी ने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ट्रंप से डरे हुए हैं.
1. (प्रधानमंत्री मोदी) ट्रंप को यह फैसला लेने और घोषणा करने देते हैं कि भारत रूस से तेल नहीं खरीदेगा.
2. बार-बार मना करने के बावजूद बधाई संदेश भेजते रहते हैं.
3. वित्त मंत्री का अमेरिका दौरा रद्द कर दिया.
4. शर्म अल-शेख में शामिल नहीं हुए.
5. ऑपरेशन सिंदूर पर उनका विरोध नहीं करते.’
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश भी इस सुर में सुर मिलाते हुए प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण फैसले अमेरिका को सौंप दिए हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने के डोनाल्ड ट्रंप के बार-बार दावों का हवाला देते हुए जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाया.










