देहरादून: उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेश भर में स्वास्थ्य पखवाड़ा आयोजित करने जा रहा है. जिसको लेकर स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक की.
बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम जनता तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. इसी कड़ी स्वास्थ्य पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में मेडिकल कॉलेजों, जिला व उप जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप केंद्रों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे.
मरीजों को उपलब्ध कराई जाएंगी जांच, परामर्श और दवाएं: इन शिविरों में मरीजों को जांच, परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. साथ ही जगह-जगह वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित होंगे, जिनमें आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं को भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा.
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि स्वास्थ्य पखवाड़ा इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसका उद्देश्य न केवल स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना है, बल्कि लोगों को बीमारियों के प्रति जागरूक करना और स्वैच्छिक भागीदारी को बढ़ावा देना भी है. उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य पखवाड़े को सफल बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और उसकी करने के निर्देश दिए.










