पटना : राहुल गांधी ने भले ही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव को सीएम उम्मीदवार बनाने की घोषणा अपने मंच से नहीं की हो, लेकिन पटना में सीपीआई सम्मेलन के दौरान महासचिव डी. राजा ने खुलकर ऐलान कर दिया है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव महागठबंधन का चेहरा होंगे. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी तीखा प्रहार किया और बिहार सरकार की नाकामियों को उजागर किया.
तेजस्वी को महागठबंधन का प्रमुख चेहरा : सीपीआई के महासचिव डी. राजा ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि तेजस्वी यादव महागठबंधन के प्रमुख चेहरों में से एक होंगे. खासकर इसलिए क्योंकि वे सबसे बड़ी पार्टी के नेता हैं और उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं. उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी सफलता की स्थिति में तेजस्वी यादव महागठबंधन का नेतृत्व करेंगे.
भाजपा सरकारों पर कड़ा प्रहार : डी. राजा ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया है. उनका कहना है कि असम से लेकर उत्तर प्रदेश तक भाजपा की सरकारों में महिलाओं, बच्चों, दलितों और अल्पसंख्यकों पर लगातार अत्याचार हो रहा है. उन्होंने भाजपा को आत्ममंथन करने की सलाह दी है.
बिहार की सरकार पर हमला : डी राजा ने कहा कि बिहार में महागठबंधन सबसे मज़बूत है. हम लोग मजबूती से लड़ाई लड़ रहे हैं और जीत हासिल करेंगे. बिहार की सरकार से जनता ऊब चुकी है. जनता समझ गई है कि एनडीए की सरकार सिर्फ जुमले बाजी करती है, काम नहीं करती है. बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है और सरकार चुप्पी साधे है.










