वॉशिंगटन:नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक पोस्ट लिखकर भारत के साथ व्यापार समझौते की कम होती उम्मीदों का इजहार किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट में लिखा है कि हमने भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की एक तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा है कि अमेरिका ने भारत और रूस को सबसे गहरे और अंधकारमय चीन के हाथों खो दिया है. ईश्वर करे कि उनका भविष्य लंबा और समृद्ध हो!”
यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है, जब ट्रंप ने रूसी तेल की निरंतर खरीद पर भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया था. फिलहाल भारत ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. इस संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “इस समय इस पोस्ट पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते.”
बता दें कि इस हफ्ते की शुरुआत में, मोदी और पुतिन समेत दुनिया के कई नेता चीन के तियानजिन में एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए एकत्रित हुए थे. इस शिखर सम्मेलन को ट्रंप के कठोर टैरिफ, खासकर भारत के खिलाफ, के खिलाफ एक स्पष्ट विरोध के संदेश के रूप में देखा गया. शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, शी जिनपिंग और रूसी नेता पुतिन के बीच जबरदस्त गर्मजोशी ने दुनिया भर का ध्यान खींचा, खासकर पश्चिमी देशों का.











