पटना: बिहार में आज एनडीए ने बंद का आह्वान किया है. यह बंद कथित रूप से कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुलाया गया है. बंद के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. बंद आज सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक यानी कुल 5 घंटे तक प्रभावी रहेगा. इसके बाद सामान्य जीवन और यातायात बहाल हो जाएगा. एनडीए नेताओं ने दावा किया है कि बंद के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा. एनडीए ने साफ किया है कि बंद से आपातकालीन सेवाओं को बाहर रखा गया है. अस्पताल, एम्बुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी. रेलवे सेवाएं भी बंद के दौरान बाधित नहीं होंगी. राज्य सरकार की ओर से कोई आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं की गई है, इसलिए स्कूल और कॉलेज खुले रहेंगे. हालांकि कुछ निजी संस्थान स्थानीय हालात को देखते हुए बंद रखने का फैसला कर सकते हैं. बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे और डिजिटल लेनदेन की सुविधा भी मिलती रहेगी. हालांकि प्रदर्शन के कारण कुछ शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है. एटीएम सेवाएं चालू रहेंगी. बंद का सबसे ज्यादा असर सड़कों पर दिखेगा. एनडीए कार्यकर्ता कई जगहों पर चक्का जाम करेंगे. पटना-मुजफ्फरपुर और पटना-गया जैसे हाईवे मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है. हालांकि रेलवे और हवाई सेवाएं सामान्य रहेंगी. सरकारी दफ्तरों में छुट्टी घोषित नहीं की गई है, लेकिन बंद के कारण कर्मचारियों की उपस्थिति प्रभावित हो सकती है. बड़े शहरों के बाजार और दुकानें आंशिक रूप से बंद हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का असर सीमित रहने की संभावना है.
वैशाली में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को NDA कार्यकर्ताओं ने किया जाम
वैशाली में भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने हाजीपुर मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग एनएच 22 को गोरौल चौक के समीप जाम कर दिया. साथ ही विपक्षी नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है. इसी बीच एनडीए नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री कि मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त के लायक नहीं है.
शिवहर में अनोखा विरोध-प्रदर्शन, धूप में लेटकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा
शिवहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया है. दरअसल तेज धूप में भाजपा कार्यकर्ता जमीन पर ही लेट गए और बीच सड़क पर सोकर विरोध जताने लगे. साथ ही जीरो माइल पर सीतामढ़ी–शिवहर हाईवे को जाम कर दिया.
पटना में NDA के कार्यकर्ताओं ने की आगजनी
पटना के सगुना मोड़ पर आगजनी की गई है. इसके अलावा मुजफ्फरपुर में भी एनडीए समर्थक सड़क पर उतरे और जगह-जगह जाम लगाया. एनएच-28 पर काजी इंडा चौक पर एनडीए कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम किया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने माड़ीपुर चौक को पूरी तरह से बंद कर दिया. जिससे छपरा और हाजीपुर से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई और यात्री घंटों तक फंसे रहे.
NDA के बिहार बंद में शामिल हुए भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद, बोले ”मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान”
महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी के खिलाफ NDA द्वारा ‘बिहार बंद’ का आह्वान किया गया है. जिसमें भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद इनकम tax गोलंबर पहुंचे, जहां उन्होंने ”मां का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” का नारा लगाया है. इसी बीच कहा कि ये बहुत शर्मनाक मामला है. प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के लिए अभद्र टिप्पणी की गई है. अगर हमारा दूर का कार्यकर्ता ऐसा करता तो हम कार्रवाई करते, क्षमा मांगते. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, तेजस्वी यादव ये आपके संस्कार हैं, ये आपकी बेशर्मी है कि आपने माफी नहीं मांगी है. हम इसकी भर्त्सना करते हैं.










