छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, 3 की मौत, 22 घायल, गणेश विसर्जन का जुलूस मातम में बदला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर में बड़ा हादसा हुआ है. यहां गणेश विसर्जन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की भीड़ को एक बोलेरो ने रौंद दिया. इस हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और करीब 22 से ज्यादा घायल हो गए.

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है. यह मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है. जुरूडांड गांव के श्रद्धालु मंगलवार रात गणेश विसर्जन के लिए निकले थे. करीब 150 श्रद्धालु मौजूद थे. इसी दौरान मंगलवार रात रायकेरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो भीड़ में घुस गई. इस गाड़ी ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक लोग घायल हो गए. इनमें से दर्जनभर की हालत गंभीर बताई जा रही है.

वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे और कुछ वाहन के नीचे कुचल गए. घटना के बाद गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर जमकर पिटाई कर दी, जबकि बोलेरो में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनि भगत देर रात अस्पताल पहुंचीं और घायलों व परिजनों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिया. वहीं जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशिमोहन सिंह भी तुरंत अस्पताल पहुंचे. कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन की ओर से मेडिकल ऑफिसर और दो नायब तहसीलदार को अंबिकापुर भेजा गया है ताकि इलाज में कोई कमी न रह जाए.

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बोलेरो और उसके चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है. उन्होंने कहा – “प्रकरण की जांच जारी है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial