‘नोबेल पुरस्कार के लिए मेरे नामांकन का समर्थन कीजिए’, ट्रंप ने मोदी से किया था अनुरोध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नाराज हैं. नाराजगी की वजह नोबेल शांति पुरस्कार के लिए ट्रंप के नामांकन का विषय है. ट्रंप चाहते थे कि मोदी पाकिस्तानी सेना प्रमुख मुनीर की तरह उनके नामांकन का समर्थन करें. ऐसा दावा अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने किया है.

अखबार ने लिखा है कि 17 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की फोन पर बातचीत हुई थी. इस बातचीत के दौरान ही ट्रंप ने मोदी से ऐसा करने को कहा था. ट्रंप ने कहा था कि क्योंकि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच शत्रुता को खत्म कराया है, लिहाजा इस आधार पर वे उनका समर्थन करें. ट्रंप ने यह भी कहा था कि उन्हें अपनी भूमिका पर गर्व है.

अखबार के अनुसार ट्रंप के इस फोन पर मोदी ने ऐसा करने से मना कर दिया. पीएम मोदी ने साफ तौर पर कहा कि अमेरिका की भूमिका का भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्थता से कोई लेना-देना नहीं है. पीएम ने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम दोनों देशों के बीच का निर्णय था. मोदी के इस जवाब से ट्रंप हतप्रभ रह गए.

इस बातचीत के बाद ही ट्रंप ने भारत पर टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी थी. बाद में 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भी लगाया. इस दौरान ट्रंप बार-बार यही कहते रहे हैं कि क्योंकि भारत रूस से कच्चा तेल खरीद रहा है, इसलिए उस पर यह कार्रवाई की जा रही है.

द न्यू यॉर्क टाइम्स के अनुसार, मुजीब मशाल, टायलर पेजर और अनुप्रिता दास द्वारा लिखी गई यह रिपोर्ट वाशिंगटन और नई दिल्ली के एक दर्जन से ज़्यादा लोगों के साक्षात्कारों पर आधारित है, जिन्होंने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी.

अखबार ने यह भी दावा किया है कि ट्रंप ने क्वाड की बैठक में हिस्सा लेने से मना कर दिया है. बैठक नई दिल्ली में होगी. पीएम मोदी और ट्रंप के बीच 35 मिनट की कॉल थी. इसके बाद से दोनों नेताओं के बीच कोई बातचीत नहीं है.

कनाडा में जी-7 की बैठक के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को कॉल किया था. ट्रंप ने मोदी को अमेरिका आने का भी निमंत्रण दिया था, लेकिन पीएम ने पहले से व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देकर आने से इनकार कर दिया था.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उस समय यह खबर आई थी कि ट्रंप चाहते हैं कि मोदी और मुनीर अमेरिका में एक साथ आएं और उनकी उपस्थिति में हाथ मिलाएं. भारतीय अधिकारियों का कहना है कि भारत और पाकिस्तान का रिश्ता उलझा हुआ है और ट्रंप इसे जिस अंदाज में देख रहे हैं, उससे जटिलताएं बढ़ती ही हैं, न कि घटती हैं. अखबार ने यह भी लिखा है कि इन परिस्थितियों के बाद भी ट्रंप ने मोदी से संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन पीएम मोदी बातचीत के लिए उपलब्ध नहीं हुए.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial