दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में हुई घटना ने राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गरमा दिया है. सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भोपुरा गांव निवासी रफीक उर्फ राजा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलते ही दरभंगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने देर रात छापेमारी कर रफीक उर्फ राजा को उसके गांव से हिरासत में लिया.
सिमरी थाना में दर्ज हुआ था मामला: यह घटना बिठौली चौक पर कांग्रेस के एक मंच पर हुई, जहां रफीक ने कथित तौर पर प्रधानमंत्री को अपशब्द कहा था. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिमरी थाना में कांड संख्या 243/25 दर्ज किया गया.
आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस: बता दें कि पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की मंशा और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों ने साफ किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे उनकी कोई भी राजनीतिक संबद्धता हो.
राजनीतिक हलचल और जनता की प्रतिक्रिया: इस घटना ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक हलचल को जन्म दे दिया है. कुछ लोग विपक्षी मंच से इस तरह के बयान को अनुचित बता रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि अन्य का मानना है कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का उपयोग अस्वीकार्य है.
कानूनी कार्रवाई जारी: पुलिस ने इस मामले में कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है. डीएसपी सदर एस के सुमन ने की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.










