देहरादून: उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों और सूची में मिली त्रुटियों को चिह्नित कर नियमानुसार सुधार की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। विशेष अभियान के दौरान बीएलओ मतदाता सूची में दर्ज नामों और विवरणों की जांच करेंगे। त्रुटियां मिलने पर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से आवश्यक सुधार कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने और अपात्र प्रविष्टियां हटवाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6, नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्रारूप-8 भरना होगा।
एक से अधिक जगह नाम दर्ज होना नियमों के खिलाफ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष अभियान में ऐसे मतदाताओं की अतिरिक्त प्रविष्टियां चिह्नित की जाएंगी, जिनका नाम एक ही बूथ पर या एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज है। नियमानुसार प्रारूप-7 के माध्यम से अतिरिक्त प्रविष्टियां हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 के तहत कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।
डॉ. पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपना और परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम, पता, आयु तथा अन्य विवरण मतदाता सूची में जांच लें। किसी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित अवधि में प्रारूप-8 भरकर संबंधित बीएलओ को दें। पात्र नागरिकों का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो वे प्रारूप-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील भी की। 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालयों, उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालयों और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर भी अपना नाम और विवरण देख सकते हैं।








